भ्रष्टाचार की सड़क! ठेकेदार ने बिना बेस और मुरुम के ईंट-राखड़ पर ही डाल दी सीसी रोड

आरंग। जनपद पंचायत आरंग के ग्राम पंचायत नरदहा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी बजट के दुरुपयोग का मामला उजागर हुआ है। गौण खनिज मद से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण में ठेकेदार की मनमानी इस कदर हावी है कि सड़क निर्माण के बुनियादी इंजीनियरिंग मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।


सड़क निर्माण के नियमों के अनुसार, ढलाई से पहले जमीन की अच्छे से कुटाई कर उस पर मुरुम और बजरी का मजबूत ‘बेस’ तैयार करना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां एक ट्रिप मुरुम या बजरी तक इस्तेमाल नहीं की गई। इसके बजाय घटिया ईंट राखड़ (Fly Ash) को गीला करके सीधे रोड पर डाल दिया गया और उसी के ऊपर हड़बड़ी में कंक्रीट की ढलाई शुरू कर दी गई। हद तो तब हो गई जब शुरुआत में कंक्रीट के नीचे बिछाई जाने वाली अनिवार्य पॉलीथिन (पन्नी) भी नहीं लगाई जा रही थी। जब मोहल्लेवासियों को इस धांधली की भनक लगी और उन्होंने निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम रुकवाया, तब जाकर दबाव में आए ठेकेदार ने पन्नी बिछाना शुरू किया।



नल-जल योजना की पाइपलाइन पर खतरा, लीपापोती में जुटा ठेकेदार

सड़क निर्माण में सबसे बड़ी तकनीकी लापरवाही यह सामने आई है कि प्रस्तावित रोड के ठीक नीचे नल-जल योजना की मुख्य पाइपलाइन बिछाई गई है। सड़क निर्माण की आहट मिलते ही मोहल्लेवासियों ने तत्काल अपने-अपने घरों के लिए पाइपलाइन कनेक्शन लिए थे। कनेक्शन के लिए खोदे गए गड्ढों को हाल ही में जैसे-तैसे मिट्टी डालकर पाटा गया था। नियमानुसार इन गड्ढों में पानी डालकर अच्छे से कुटाई (रोलिंग) की जानी चाहिए थी, ताकि मिट्टी ठोस हो जाए, परंतु जमीन बैठने का इंतजार किए बिना ढीली मिट्टी और ताजा गड्ढों के ऊपर ही तत्काल ढलाई कर दी गई। इससे भविष्य में भारी वाहन गुजरते ही सड़क के धंसने और पूरी पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने का भारी जोखिम पैदा हो गया है।


मोहल्लेवासियों की मांग और चेतावनी

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सड़क निर्माण नहीं, बल्कि सरकारी पैसे का खुला दुरुपयोग है। गीली राखड़ और कच्ची मिट्टी पर बनाई जा रही यह सड़क पहली ही बारिश या भारी वाहन के दबाव में उखड़ जाएगी। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से कई मांगें की हैं।तत्काल जांच: गौण खनिज मद की इस राशि के उपयोग और प्रयुक्त सामग्री की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए।

मानकों का पालन: घटिया ढाई को रोककर पहले मुरम और बजरी का ठोस बेस तैयार कराया जाए।

कड़ी कार्रवाई: नियमों की अनदेखी करने वाले ठेकेदार का ठेका निरस्त कर संबंधित विभागीय इंजीनियर पर गाज गिराई जाए।

अधिकारी बोले – जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी

वहीं इस पूरे मामले में आरंग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेन्द्र पांडेय ने कहा, तकनीकी टीम को भेजकर स्थल निरीक्षण कराया जाएग। निर्माण कार्य में कमी, खामी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




You May Also Like

error: Content is protected !!