डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी करने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार.

• ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी सफलता, पीड़ित को 58 लाख रुपये वापस.


रायपुर. रेंज पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी सफलता मिली है। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गुड़गांव (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस दिलाए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि भी आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है।


पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। साइबर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी तथा ठगी की रकम को चिन्हित कर होल्ड/जप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम.


प्रार्थी सपन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर आरोपियों ने स्वयं को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। उन्होंने प्रार्थी को यह कहकर डराया कि उसके क्रेडिट कार्ड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी को लगभग 24 घंटे व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने के लिए मजबूर किया और तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखते हुए उससे करीब ₹1.25 करोड़ की ठगी कर ली।

इस मामले में थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 22/26 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।


तकनीकी जांच से खुला मामला.


मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा ने तकनीकी साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के निर्देश दिए। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में कई लेयर के माध्यम से ट्रांसफर किया गया था। पुलिस ने इन खातों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से होल्ड कराया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ₹58 लाख की राशि पीड़ित को वापस दिलाई जा चुकी है, जबकि शेष पूरी रकम भी आरोपी से जुड़े बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है और उस पर आगे वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

दिल्ली-हरियाणा में दबिश देकर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी की पहचान सोमनाथ महतो के रूप में हुई। घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दिल्ली और हरियाणा रवाना किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गुड़गांव, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


गिरफ्तार आरोपी.


सोमनाथ महतो (27 वर्ष)

पिता – मनोज महतो

पता – आर मंगलम यूनिवर्सिटी, सोहना, गुड़गांव (हरियाणा)


अपील.


रायपुर रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकाने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।





You May Also Like

error: Content is protected !!