गोमांस पकाने की सूचना पर हिंदू संगठन का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर वांबे स्थित एक फ्लैट में गोमांस पकाकर खाने की सूचना मिलने पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।


कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोशले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फ्लैट में रहने वाला विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी कथित रूप से गोमांस पकाकर उसका सेवन कर रहे थे। सूचना के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।


पुलिस के अनुसार फ्लैट में मौजूद पति-पत्नी नशे की हालत में थे। आसपास की महिलाओं की सहायता से महिला को बाहर निकाला गया, जबकि उसके पति को पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने फ्लैट से मांस के टुकड़े और पका हुआ मांस जब्त किया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने मामले की लिखित शिकायत कोनी थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दंपती लंबे समय से बाहर से मांस लाकर फ्लैट में सुखाते और उसका सेवन करते थे। मोहल्ले के लोगों ने कई बार इसका विरोध भी किया था। आरोप है कि विरोध के बावजूद गतिविधियां जारी रहीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हिंदू संगठन के सदस्यों को जानकारी देकर पुलिस में शिकायत की। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जब्त मांस की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





You May Also Like

error: Content is protected !!