'JCCJ 2.0' के जरिए नई सियासी पारी का ऐलान, 'बेटा बचाओ आंदोलन' को बनाया मुख्य एजेंडा.

बिलासपुर. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने पार्टी के नए स्वरूप 'JCCJ 2.0' की शुरुआत करते हुए इसे प्रदेशव्यापी 'बेटा बचाओ आंदोलन' से जोड़ने का ऐलान किया। बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पार्टी अब किसी परिवार या विरासत की मोहताज नहीं, बल्कि नशे की चपेट में आए युवाओं और उनके परिवारों की आवाज बनने के लिए नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ेगी।


प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और नई राजनीतिक रणनीति का खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि JCCJ 2.0 के माध्यम से पार्टी को नए स्वरूप में प्रदेशभर में मजबूत किया जाएगा और इसका केंद्र बिंदु 'बेटा बचाओ आंदोलन' होगा। उनका कहना था कि आज प्रदेश की सबसे बड़ी चिंता युवाओं में बढ़ती नशे की लत है और पार्टी हर उस मां के साथ खड़ी होगी जिसका बेटा इसकी चपेट में है।


अमित जोगी ने कहा कि परिवारवाद के सहारे चलने वाली राजनीतिक पार्टियां लंबे समय तक टिक नहीं सकतीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए तीन रास्ते हैं—सभी मान्यता प्राप्त दल आगामी चुनावों का बहिष्कार करें, विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा-आरएसएस के खिलाफ साझा मोर्चा बनाएं, और यदि ऐसा नहीं होता है तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश में एक स्वतंत्र और संघर्षशील राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका निभाती रहेगी।

जग्गी प्रकरण में हालिया न्यायिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित जोगी ने न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास जताया और कहा कि वे कानून के दायरे में रहकर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।


उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी समेत हसदेव, लैलूंगा, बचेली, कवर्धा, पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली जैसे सात क्षेत्रों के विस्थापितों के मामलों की पैरवी वे स्वयं अधिवक्ता के रूप में बिना किसी शुल्क के कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।


पत्रकार वार्ता के दौरान अमित जोगी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर उनके परिवार की यादों से जुड़ा शहर है। उनके माता-पिता स्वर्गीय अजीत जोगी और डॉ. रेणु जोगी का बचपन यहीं बीता और उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर के कंपनी गार्डन क्षेत्र से हुई थी। इसलिए बिलासपुर उनके लिए किसी तीर्थ से कम नहीं है।


जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के इस दौरे और संवाद से JCCJ 2.0 तथा 'बेटा बचाओ आंदोलन' को एक साझा उद्देश्य के साथ प्रदेशभर में आगे बढ़ाने की दिशा तय हुई है। उन्होंने बिलासपुर की मीडिया का भी आभार व्यक्त किया।





You May Also Like

error: Content is protected !!