• तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, पहले पकड़े जा चुके हैं दो आरोपी और नाबालिग.
बिलासपुर. तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने की साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए सुपारी के लिए पैसा उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी नवीन पटेल (38) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के इरादे से दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ चुकी है। नवीन पटेल के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
एक नजर घटनाक्रम पर.
4 जुलाई की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान श्याम कश्यप पर हमला हुआ था। सुबह करीब 6:45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों के हाथ में डंडे और नुकीली वस्तु थी। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित के परिजनों की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुलती गई साजिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान हुई और उसके आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
पहले तीन आरोपी पुलिस के शिकंजे में
जांच के दौरान पुलिस ने नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हमले के पीछे एक बड़ी साजिश की जानकारी मिली।
पूछताछ में नवीन ने कबूला पैसा देने का आरोप.
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने तेलीपारा मेन रोड स्थित अजीत होटल के पास रहने वाले नवीन पटेल को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक नवीन ने स्वीकार किया कि उसने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे।
आरोपी के कथित जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई धर पकड़.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। उनके निर्देशन में एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस के लिए अब अहम सवाल.
नवीन पटेल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस के सामने हमले की पूरी साजिश, सुपारी की रकम, दीपक तिवारी समेत अन्य आरोपियों की भूमिका और हमले के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
