कहीं आपके कप में तो नहीं नकली Red Label? गोदामों पर छापे में इन ब्रांड्स के भी फर्जी प्रोडक्ट बरामद

बिलासपुर. बिलासपुर के मालधक्का क्षेत्र में सिगरेट के बाद अब हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है. बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने पुलिस के साथ महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर छापेमारी की. यहां नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर के नाम पर बेचे जा रहे बड़ी मात्रा में नकली चायपत्ती और सर्फ एक्सेल पाउडर बरामद किए गए.


Fake Products Warehouse Busted

दरअसल, हिंदुस्तान यूनिलीवर ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका लगाई है, जिसमें कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट उत्पाद बेचने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने जांच के आदेश दिए हैं. इसी कड़ी में एडिशनल स्पेशल रिसीवर एचएन जोशी ने व्यापार विहार स्थित जोन-2 की दुकान नंबर 17 और भगत सिंह कॉम्प्लेक्स जोन-1 के गोदामों में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान महादेव जनरल स्टोर्स के संचालक रवि मंगलानी मौजूद रहे.


जांच में पाया गया, कि नामी ब्रांड के रैपर में नकली सामान पैक कर बेचा जा रहा है. गोदाम से सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले कुल 5280 पैकेट मिले, जिनमें बैग में 4800 पीस और अन्य 480 पीस शामिल थे. रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट भी बरामद हुए. जब्त किया गया सारा सामान कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया.



8 मई को अगली सुनवाई

कोर्ट के निर्देश पर सभी जब्त उत्पादों को सील कर सुरक्षित रखा गया है. एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह कार्रवाई 24 नवंबर 2025 से 17 मार्च 2026 के बीच जारी अलग-अलग अदालती आदेशों के पालन में की गई. इस मामले की अगली सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में 8 मई को होगी. सूत्रों के मुताबिक सम्भाग के सबसे बड़े मालगोदाम व्यापार विहार में इन दिनों नकली उत्पादों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. जहां से थोक व्यापारियों को बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट प्रोडक्ट सप्लाई किए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में आम लोगों को असली बताकर बेचा जा रहा है.





You May Also Like

error: Content is protected !!