सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में मकान की छत पर मौजूद दो अज्ञात युवक हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पत्रकार कॉलोनी (एक प्राइवेट हॉस्पिटल वाली गली) स्थित एक मकान की छत पर अभी कुछ ही देर पहले दर्दनाक हादसा हो गया। छत पर मौजूद दो अज्ञात युवक अचानक हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दोनों युवक छत पर किसी कारणवश पहुंचे थे, तभी वे ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।



