सुपर CM के मुद्दे पर BJP-कांग्रेस में पोस्टर वार तेज, बीजेपी के रैप सॉन्ग पर दीपक बैज का पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के बीच सुपर CM को लेकर पोस्टर वार जारी है। भाजपा और कांग्रेस सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साधते रहे हैं। अब भाजपा के रैप सॉन्ग ने प्रदेश की राजनीतिक बहस को एक बार फिर गरमा दिया है। भाजपा ने सोशल मीडिया के जरिए रैप सॉन्ग साझा कर कांग्रेस के कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने रैप सॉन्ग के जरिए कांग्रेस पर तंज कसते हुए लिखा है, ‘सुपर CM, सुपर पावर, सुपर घोटाला, छत्तीसगढ़ का जिसने निकाला दिवाला।’



भाजपा के इस रैप सॉन्ग में कांग्रेस शासनकाल से जुड़े घोटालों और राजनीतिक विवादों का जिक्र किया गया है। रैप सॉन्ग में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चित रही अधिकारी सौम्या चौरसिया का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा का यह रैप सॉन्ग सोशल मीडिया पर जारी होने के बाद अब प्रदेश की सियासत में नया मुद्दा बन गया है। भाजपा ने जहां इसके जरिए कांग्रेस पर कटाक्ष किया है, वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला है।



रैप सॉन्ग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि भाजपा को अपनी टीआरपी बढ़ानी है। सरकार के पास कोई काम नहीं है, इसलिए पोस्टर, वीडियो लेकर टाइम पास किया जा रहा है। बैज ने कहा कि भाजपा को पोस्टर जारी करने के बजाय अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर पोस्टर जारी करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने जनता के लिए क्या काम किया है, इस पर भाजपा को जानकारी देनी चाहिए।


भाजपा सरकार में ‘सुपर CM’ को लेकर भी दीपक बैज ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि “सुपर CM तो हमारी कौशल्या भाभी है। कौशल्या भाभी तो खुद कह रही हैं कि मैं सुपर CM हूं।” इसके साथ ही उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी ‘सुपर CM’ बताया है। दीपक बैज ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चित अधिकारी सौम्या चौरसिया का जिक्र करते हुए कहा कि “सौम्या चौरसिया तो एक अधिकारी थी।”


You May Also Like

error: Content is protected !!