निगम का वेडिंग जोन बना नहीं पर ठेले वालों से 100 रूपए की उगाही.

• मुंगेली नाका के खेल मैदान में चूने की लाइनिंग डली, विपक्ष के नेता नींद में. देखिए विडियो, खेल मैदान को वेंडिंग जोन बनाते निगम कर्मी. https://youtu.be/F1I0kZeJyeM?si=fozV3w1beKiV-6ZV बिलासपुर. शहर के ठेला खोमचा वालों के लिए वेंडिंग जोन मुंगेली नाका चौक स्थित खेल के मैदान में बनान नगर निगम के दो चार श्रमिक चूना मिट्टी डालकर लाइन खींची गई लेकिन निगम के सारे बड़े अफसर शनिवार को तेलीपारा रोड स्थित ज्वाली नाला पर बनी एक दुकान की तोडफ़ोड़ में लगे रहे। मुंगेली नाका में विरोध के बाद भी ठेले खोमचे वालों को शिफ्ट करने दुकानों के लिए नंबरिंग की जा रही है। इधर ठेले खोमचे वालों ने हिम्मत दिखा कर घर से अपना ठेला निकाला और व्यापार किया। निगम प्रशासन के अफसरशाही को दर किनार कर शनिवार को भी शहर के ठेले खोमचे वालों ने अपनी दुकान सजाई और धंधा किया। निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर निगम दस्ता सारा दिन ज्वाली नाला की दुकानों पर बुलडोजर चलाने में लगा रहा लेकिन नगर निगम के कुछ कर्मचारी आज भी मुंगेली नाका स्थित खेल मैदान पहुंचे और धो- पोछ कर मैदान में चूने की मार्किंग और नंबरिंग की। विधायक ने मना किया फिर भी काम तो चल रहा- भोगल. इधर मुंगेली नाका के व्यापारी अजीत भोगल ने बताया कि जिस मैदान को नगर निगम ने ठेले वालों के लिए चुना है।  दअरसल वहां बच्चे खेलते हैं। खिलाड़ी बच्चों ने परसों विधायक अमर अग्रवाल से मुलाकात कर आग्रह किया है कि मैदान को वेंडिंग जोन न बनाए जाएं। विधायक ने भी बच्चों की बात सुनकर नगर निगम आयुक्त को फोन कर ऐसा नहीं करने कह दिया था। इसके बाद भी दो दिनों से निगम कर्मी मैदान में चूना डालकर मार्किंग करने में भिड़े हुए हैं। रविवार को पता चलेगा आगे क्या होगा। व्यापार विहार में बढ़ेगा ट्रैफिक और क्राइम-अध्यक्ष मेघानी. ठेले खोमचे वालों को व्यापार विहार में शिफ्ट करने को लेकर व्यापार विहार संघ के अध्यक्ष विनोद मेघानी ने कहा कि किसी के पेट पर लात पड़े हम भी नहीं चाहते। हम व्यापारियों ने निगम आयुक्त, महापौर और पूर्व महापौर से मिलकर भविष्य में आने वाली परेशानियों की बात रखी है। व्यापार विहार बड़ा मार्केट है यहां रोज बड़ी गाडिय़ां आती हैं। अगर ठेले खोमचे वालों को आसपास शिफ्ट कराया गया तो जाहिर सी बात है कि शहरवासियों का आना जाना होगा जिससे ट्रैफिक बढ़ेगा और पार्किंग की समस्या आएगी। व्यापार विहार एक निगम का बड़ा जोन है। भीड़ और ट्रैफिक बढऩे के साथ अराजक तत्वों का भी जमावड़ा लगेगा और रोज आने वाले व्यापारियों को दिक्कत होगी। सेफ्टी पॉइंट से हमें इन सबका भी ख्याल रखना है। इसलिए ठेले वालों को कही और व्यवस्थित किया जाए। निगम आयुक्त ने देखेंगे, बोल दिया। हमें भी पता है कि आश्वासन मिला है होगा कुछ नहीं। नगर निगम की पर्ची 100 रूपए में. ठेले खोमचे वाले आरोप लगा रहे हैं कि व्यापार विहार और मुंगेली नाका के आसपास वालों पर दबाव बना कर उनकी सौ रुपए की पर्ची निगम अमले द्वारा काटी जा रही है। जो जहां मिला उसे रसीद थमाया जा रहा है। इधर शुक्रवार और शनिवार को मार्किंग का काम पूरा होने के बाद भी दोनों जगहों पर ठेले खोमचे वाले नजर नहीं आए। विपक्ष और अन्य राजनीतिक दल गायब. रोड के किनारे ठेले खोमचे लगा कर अपने परिवार का पेट भरने वालों के साथ कोई नजर नहीं आ रहा है। वे लोग अपनी लड़ाई खुद लड़ रहे हैं और निगम आयुक्त अमित कुमार के फरमान से दो- दो हाथ करने को भी तैयार हैं लेकिन विपक्ष के कांग्रेसी नेता गायब हैं। निगम प्रशासन के आगे कोई अपनी नेतागिरी चमकाने आगे नहीं आ रहा है जबकि ठेले खोमचे वाले कई कांग्रेस नेताओं से संपर्क कर चुके हैं। यही हाल शहर के  राजनीतिक पार्टियों के नेताओं का भी है। जोन कमिश्नर ने नहीं उठाया फोन. ठेले खोमचे वालों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया जानने और निगम कर्मियों द्वारा धमका कर पर्ची काटने को लेकर जब जोन तीन की कमिश्नर सवीना अनंत को दो बार फोन किया गया मोबाइल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा।





You May Also Like

error: Content is protected !!