वसुंधरा नगर अंधेरे में डूबा, बिजली पोल में लगी भीषण आग.

• फायर ब्रिगेड ने नहीं उठाया फोन, पार्षद पर फिर फूटा लोगों का गुस्सा.


• देर रात डायल 112 से संपर्क कर बताई समस्या.


बिलासपुर. शहर के रिंग रोड नंबर-2 स्थित वसुंधरा नगर में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बिजली के पोल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने पोल से जुड़े बिजली के तारों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पूरा वसुंधरा नगर अंधेरे में डूब गया।


https://youtube.com/shorts/tuNwi2LIBM4?si=L08Tu9RhQ6Tl3j74


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय अचानक पोल से चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। बिजली के तार धू-धू कर जलने लगे, जिससे इलाके की विद्युत सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद कोई रिस्पांस नहीं मिला। इससे मोहल्लेवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से जर्जर तार और पोल हादसे को न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग सुधार कार्यों को लेकर गंभीर नहीं है।


इधर इस घटना के बाद क्षेत्र के कांग्रेसी पार्षद भरत कश्यप पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि वसुंधरा नगर की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।





You May Also Like

error: Content is protected !!