तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोलकाता पुलिस ने उन्हें भवानीपुर थाने में तलब किया था। शनिवार को अभिषेक बनर्जी दोपहर करीब 12:30 बजे थाने पहुंचे, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा, पुलिस को कथित तौर पर धमकी देने के एक अन्य मामले में उन्हें 20 नवंबर को गिरिश पार्क थाने में भी पेश होने का नोटिस दिया गया है।

पूरा मामला 2 मई का है, जब विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा किया था। आरोप है कि इस पोस्ट में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘बांग्ला विरोधी गुजराती गैंग के हाथ की कठपुतली’ कहकर निशाना बनाया था। इस पोस्ट के बाद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कथित तौर पर नफरत फैलाने और राष्ट्र के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने समेत कई आरोप लगाए गए। इसी सिलसिले में भवानीपुर थाने की पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था।
पुलिस और राज्य सरकार को लेकर बयान पर दूसरी FIR
अभिषेक बनर्जी को एक अन्य मामले में भी पुलिस ने नोटिस भेजा है। दरअसल, 29 अक्टूबर को उन्होंने पुलिस और राज्य सरकार पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने का आरोप लगाया था। साथ ही, सरकार बदलने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों को जवाबदेह ठहराने की बात कही थी।
इसे कथित धमकी मानते हुए 31 अक्टूबर को गिरिश पार्क थाने में एक व्यक्ति ने FIR दर्ज कराई। इस मामले में अभिषेक को 20 नवंबर को दोपहर 1 बजे पेश होने के लिए कहा गया है।
राहुल गांधी भी CEC ज्ञानेश कुमार पर साध चुके हैं निशाना
CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ रहा है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली के दौरान राहुल गांधी ने भी उन पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और वह जेल भी जाएंगे।
राहुल गांधी ने चुनावों में EVM और मतदाता सूची के जरिए कथित वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों का जिक्र किया था।