रायपुर। छत्तीसगढ़ के GST विभाग में कथित रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में एक ही कबाड़ कारोबारी की शिकायत सामने आई है। करीब 10 महीने पहले रायपुर में दो GST निरीक्षकों के खिलाफ वसूली की शिकायत के बाद FIR दर्ज हुई थी और दोनों को जेल जाना पड़ा था। अब इसी कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत पर कांकेर में GST की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी और उनके सहयोगी चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को ACB ने कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद विभाग ने अंचला गिरी को निलंबित भी कर दिया है।
बता दें कि दोनों मामलों में शिकायतकर्ता एक ही होने से GST विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों ही मामलों में लगाए गए आरोपों को अभी न्यायालय में साबित होना बाकी है।
रायपुर में ट्रक रोककर वसूली का आरोप
पहला मामला रायपुर के सिलतरा क्षेत्र का है। शिकायत के मुताबिक, कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज का लोहे का स्क्रैप लेकर एक ट्रक जगदीश प्लांट जा रहा था। ट्रक क्रमांक CG-04-MF-4788 को सिलतरा स्थित SKS टर्निंग के पास रोका गया था। इसके बाद वाहन को साईं पार्किंग ले जाया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि ट्रक और उसमें लदे स्क्रैप को छोड़ने के बदले कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग की गई। आरोप के मुताबिक, अगले दिन उसने 50 हजार रुपये का भुगतान भी किया, लेकिन इसके बदले कोई रसीद नहीं दी गई।
इसके बाद कारोबारी को वसूली का संदेह हुआ और उसने रायपुर स्थित राज्य कर आयुक्त कार्यालय में शिकायत की। शिकायत के आधार पर GST विभाग के दो निरीक्षकों के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की थी। इस मामले में दोनों निरीक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
हाईकोर्ट तक पहुंचा था मामला
रायपुर में दर्ज FIR का जिक्र छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जमानत आदेश में भी किया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को दोनों निरीक्षकों की पहली जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी थी।
अब कांकेर में असिस्टेंट कमिश्नर और CA गिरफ्तार

रायपुर के मामले के करीब 10 महीने बाद शोएब रंगरेज की शिकायत पर एक और कार्रवाई हुई। इस बार मामला कांकेर का है, जहां ACB की टीम ने GST की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया।
इस कार्रवाई में चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह असिस्टेंट कमिश्नर और शिकायतकर्ता के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। कार्रवाई के बाद ACB ने दोनों को गिरफ्तार कर कांकेर जेल भेज दिया। अंचला गिरी की गिरफ्तारी के बाद GST विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है।

एक ही शिकायतकर्ता के दो मामले, विभाग की भूमिका पर सवाल
इन दोनों मामलों में सबसे अहम तथ्य यह है कि शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज ही हैं। पहले रायपुर में GST निरीक्षकों पर वसूली का आरोप लगा और अब कांकेर में एक वरिष्ठ अधिकारी और कथित मध्यस्थ के खिलाफ रिश्वत लेने की शिकायत पर कार्रवाई हुई है।
लगातार सामने आए इन मामलों ने विभागीय निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं और इनमें लगाए गए आरोपों की कानूनी स्थिति का फैसला न्यायालय में होना बाकी है।