हत्या का दोषी 18 साल से फरार: 10 दिन की पैरोल पर आया था बाहर, अब जेल प्रशासन ने दर्ज कराया FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 साल से फरार है। 10 दिन की पैरोल मिलने के बाद जेल से निकला गणेश देवांगन निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। अब करीब 18 साल बाद कोतवाली थाना पुलिस ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


2008 में 10 दिन के पैरोल पर हुआ था रिहा

जानकारी के अनुसार, बंदी गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को 10 दिन के पैरोल पर केंद्रीय जेल रायपुर से रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे वापस जेल में दाखिल होना था, लेकिन वह तय तारीख पर नहीं पहुंचा। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।



जेल अधीक्षक के पत्र पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार बंदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पत्र के मुताबिक, बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश के तहत पैरोल पर छोड़ा गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद उसके वापस नहीं लौटने पर जेल प्रशासन ने पहले भी पुलिस से पत्राचार किया था।


बंदी का पुराना पता पुरानी बस्ती क्षेत्र के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक का बताया गया है। संबंधित दस्तावेजों और थाना सीमा की जांच के बाद मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया गया।


हाईकोर्ट से जुड़ा है मामला

जेल अधीक्षक ने अपने पत्र में बताया कि यह मामला उच्च न्यायालय से संबंधित है। ऐसे में फरार बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।


फरार बंदी की तलाश में पुलिस

केंद्रीय जेल से मिले पत्र और दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। अब पुलिस के सामने 18 साल से फरार बंदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है।

You May Also Like

error: Content is protected !!