जनप्रतिनिधियों ने खोला सीईओ के खिलाफ मोर्चा, कार्यालय में तालाबंदी कर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई के नेतृत्व में जनपद सदस्यों और सरपंचों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

सरपंचों को परेशान करने और कमीशनखोरी के आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सीईओ द्वारा सरपंचों को परेशान किया जा रहा है तथा विकास कार्यों में कमीशनखोरी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत के जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई के नेतृत्व में जनपद सदस्य और सरपंच आज जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय में तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि जनपद पंचायत के सीईओ विकास कार्यों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। सरपंचों को लगातार परेशान किया जा रहा है और विभिन्न कार्यों के एवज में कमीशन मांगने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं।

पहले भी की गई थी सीईओ पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगभग 15 दिन पहले भी उन्होंने सीईओ को हटाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आंदोलनरत जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सीईओ को हटाने की उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका धरना और तालाबंदी जारी रहेगी।

जनपद पंचायत परिसर में चल रहे इस विरोध प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधियों के इस विरोध प्रदर्शन पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और सीईओ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।





You May Also Like

error: Content is protected !!