जर्जर सड़कों से उड़ रही धूल से ग्रामीण परेशान, विरोध में किया चक्काजाम

कटघोरा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जर्जर सड़कों और उनसे उड़ने वाली धूल से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा. लखनपुर सहित आसपास के ग्रामीणों ने सुतर्रा-बांकीमोंगरा-कटघोरा बाईपास में चक्काजाम कर दिया. ग्रामीण सुबह 9 बजे से सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं. आंदोलन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है.


जर्जर सड़क और धूल से बढ़ी परेशानी



ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों की बदहाली और लगातार उड़ती धूल से आम लोग काफी परेशानी हैं. सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण धूल के गुबार उठते हैं, जिससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है. गुरुवार को इसी नाराजगी के चलते उन्होंने चक्काजाम कर प्रदर्शन करके का फैसला किया.



SECL और PWD पर लगाया अनदेखी का आरोप



आंदोलन में शामिल ग्रामीणों ने SECL और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर सड़क की समस्या को लेकर अनदेखी करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जर्जर सड़क के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की मरम्मत के लिए जल्द कार्रवाई की जाए और उन्हें लिखित आश्वासन दिया जाए.


पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे


चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाकर आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, ग्रामीण सड़क मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं.


चक्काजाम के चलते सुतर्रा-बांकीमोंगरा-कटघोरा बाईपास पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और सड़क की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है.


You May Also Like

error: Content is protected !!