नारायणा स्कूल के खिलाफ भ्रामक प्रचार, प्रबंधन ने दी सफाई: कहा- 8वीं तक बोर्ड मान्यता जरूरी नहीं; DEO जांच में भी स्कूल को मिली क्लीन चिट.

प्रेस कांफ्रेंस में प्रबंधन ने मिडिया से कहा: हमारे द्वार सभी जांच समिति के लिए खुले हुए है.


बिलासपुर. सोशल मीडिया पर नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर स्कूल प्रबंधन ने अपना आधिकारिक पक्ष रखा है। स्कूल के प्राचार्य प्रभात चंद्र झा ने इन खबरों को पूरी तरह से गलत और आधारहीन बताया है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि एक जिम्मेदार संस्थान होने के नाते स्कूल हर तरह के सरकारी नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन कर रहा है। हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने भी इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इस जांच रिपोर्ट में स्कूल को क्लीन चिट मिली है और नियमों के पालन की पुष्टि हुई है।


कानूनी पक्ष: 8वीं तक के लिए बोर्ड की जरूरत नहीं.


प्राचार्य ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए स्कूल का लीगल और तकनीकी पक्ष साफ किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा के नियमों के मुताबिक, कक्षा 8वीं तक स्कूल का संचालन राज्य शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके लिए किसी बोर्ड (जैसे CBSE या राज्य बोर्ड) की मान्यता की जरूरत नहीं होती है।


बोर्ड से संबद्धता (Affiliation) कक्षा 9 और उससे आगे की कक्षाओं के लिए अनिवार्य होती है। स्कूल ने जानकारी दी है कि उन्हें आगामी सत्र के लिए CBSE से कक्षा 9 में प्रवेश (एडमिशन) की अनुमति मिल चुकी है।

5वीं-8वीं में कोई 'बोर्ड परीक्षा' नहीं होती

स्कूल ने 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी स्थिति साफ की। प्रबंधन के मुताबिक, 5वीं और 8वीं क्लास में कोई 'बोर्ड परीक्षा' नहीं होती है। यह सिर्फ राज्य शिक्षा विभाग की तरफ से कराई जाने वाली एक सेंट्रलाइज्ड (केंद्रीकृत) परीक्षा है। स्कूल में जो भी परीक्षाएं कराई जा रही हैं, वे पूरी तरह से सरकार और न्यायालय (कोर्ट) के निर्देशों के दायरे में ही हो रही हैं।

अभिभावकों की सहमति से हुए फैसले.


प्राचार्य झा ने बताया कि स्कूल ने कोई भी फैसला मनमाने ढंग से नहीं लिया है। इस पूरी प्रक्रिया में पैरेंट्स को समय रहते सारी जानकारी दी गई थी। अभिभावकों की पूरी सहमति मिलने के बाद ही स्कूल ने आगे की प्रक्रिया बढ़ाई है।


सरकारी पोर्टल पर खुद चेक कर सकते हैं कागजात.


जो लोग स्कूल की मान्यता पर सवाल उठा रहे हैं, उनके लिए प्रबंधन ने खुला जवाब दिया है। प्राचार्य ने कहा कि स्कूल का UDISE कोड, मान्यता क्रमांक और CBSE से जुड़ी सारी जानकारी सरकारी पोर्टल्स पर मौजूद है। कोई भी व्यक्ति इंटरनेट पर जाकर इन्हें वेरिफाई (सत्यापित) कर सकता है। नारायणा ग्रुप पिछले 47 सालों से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा है और राष्ट्रीय मानकों का पूरी तरह पालन करता है।


अफवाहों से बचने की अपील.


अंत में प्राचार्य प्रभात चंद्र झा ने मीडिया और सभी अभिभावकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले खुद तथ्यों की जांच करें और भ्रामक जानकारियों से बचें।





You May Also Like

error: Content is protected !!