रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह पदस्थापन तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने सोमवार को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। प्रशासनिक आधार पर किए गए इस फेरबदल के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल को जोन मध्य से स्थानांतरित कर पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य), रायपुर बनाया गया है। वहीं, बिलासपुर में विशेष शाखा की पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप को पुलिस उपायुक्त (जोन उत्तर), रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय/प्रशिक्षण) अर्चना झा को पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल), रायपुर पद पर पदस्थ किया गया है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सभी पदस्थापन तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगे। इस प्रशासनिक फेरबदल को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



