मुख्य बात.
• 80 फीट प्रस्तावित सड़क को किसी भी सूरत में संकरा नहीं होने देंगे, राजस्व रिपोर्ट के बाद शुरू होगी कार्रवाई.
बिलासपुर. साइंस कॉलेज से चांटीडीह जाने वाली सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई को लेकर चल रही कवायद के बीच कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क की चौड़ाई कम नहीं की जाएगी। नगर निगम के मास्टर प्लान में सड़क 80 फीट चौड़ी प्रस्तावित है और उसी के अनुरूप सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क की जद में आने वाले सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई राजस्व विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद शुरू की जाएगी।
साइंस कॉलेज से चांटीडीह रोड की चौड़ाई को लेकर लंबे समय से बनी स्थिति अब साफ होती नजर आ रही है। सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया के बीच सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने अब मास्टर प्लान के अनुरूप कार्रवाई का संकेत दिया है।
खसरा नंबर 551 की मिली शिकायत.
बताया गया है कि खसरा नंबर 551, जो रिकॉर्ड में सरकारी जमीन के रूप में दर्ज है, उसके एक हिस्से पर कब्जा कर मकान बनाए जाने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत के बाद कलेक्टर एवं राजस्व विभाग के संज्ञान में मामला पहुंचा। इसके बाद कब्जे की स्थिति और जमीन के रिकॉर्ड की जांच शुरू की गई है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि साइंस कॉलेज रोड की चौड़ाई कम नहीं की जाएगी। नगर निगम के मास्टर प्लान में यह सड़क 80 फीट चौड़ी निर्धारित है और सड़क का निर्माण उसी के अनुसार कराया जाएगा। इसके लिए सड़क की जद में आने वाले अतिक्रमण और कब्जों को हटाया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक लोक निर्माण विभाग से हैंडओवर होने के बाद सड़क निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। निगम के अधिकारियों ने भी सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 80 फीट होने की पुष्टि की है। सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण की योजना भी इसी आधार पर बनाई गई है।
मास्टर प्लान से छेड़छाड़ संभव नहीं.
अधिकारियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 25 के तहत मास्टर प्लान में निर्धारित विकास योजना लागू होने के बाद भूमि का उपयोग उसी अनुरूप किया जाना होता है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई को मनमाने तरीके से कम या परिवर्तित नहीं किया जा सकता।
साइंस कॉलेज से चांटीडीह रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। चांटीडीह में मुख्य बाजार शिफ्ट होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ा है। वर्षों से सड़क संकरी होने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सड़क चौड़ीकरण की कवायद शुरू होने से राहत की उम्मीद जगी है।
राजस्व विभाग की रिपोर्ट आने के बाद कब्जे की स्थिति स्पष्ट होगी और इसके बाद प्रशासन सड़क की जद में आने वाले कब्जों को हटाने की कार्रवाई करेगा।
