• कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह ने की आयोजन की सराहना.
बिलासपुर. स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी मेला अपने पूरे शबाब पर है। मेले में प्रतिदिन उमड़ रही भीड़ के बीच बुधवार को रंगोली और केश सज्जा प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी, खानपान, मनोरंजन और सांस्कृतिक विविधताओं के संगम ने मेले को मिनी इंडिया का स्वरूप दे दिया है। 17 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस मेले का कल अंतिम दिन होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ ने भी मेला में उपस्थित होकर मेला काअवलोकन किया। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी मेले का लगातार 17 वर्षों तक आयोजित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। हर वर्ष शहर के लोगों को इस आयोजन का इंतजार रहता है। इतना बड़ा आयोजन करने के लिए काफी मेहनत और समर्पण की जरूरत होती है। यह मेला केवल उत्पादों की प्रदर्शनी और खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय और बाहरी व्यापारियों को रोजगार तथा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देता है। यहां हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ है, इसलिए लोग परिवार के साथ पहुंचते हैं। मेले में अच्छे और किफायती उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस मेले में मिनी इंडिया की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने यहां लिट्टी-चोखा का स्वाद लेने का अनुभव भी साझा किया।
एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि वे तीसरे वर्ष इस मेले का हिस्सा बन रहे हैं। यह आयोजन अनुकरणीय है, क्योंकि यहां विभिन्न राज्यों के पारंपरिक खानपान और संस्कृति को जानने-समझने का अवसर मिलता है। खासकर बच्चों के लिए यह एक अच्छा अनुभव है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तत्परता से काम करती है। पुलिस की टीम आम नागरिकों की सहायता और सुरक्षा के लिए प्राथमिकता के साथ तैनात रहती है।
इस अवसर पर गुलशन ऋषि, डॉ सुशील श्रीवास्तव, डॉ प्रफुल्ल शर्मा, प्रवीण झा,गोपाल शर्मा, डॉ देवेंद्र कौशिक अरुणा दीक्षित, डॉ नीता श्रीवास्तव, भृगु अवस्थी, नारायण गोस्वामी, डॉ विनय पाठक, डॉ ललित मखीजा, महेंद्र जैन, लता गुप्ता, चुन्नी मौर्य, सुनीता ठाकुर, रीता भामरा ,लक्की बंजारे , चानी ऐरी, जूही, रोशन खामरी सहित नगर के गणमान्य नागरिक व स्वदेशी मेला परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
रंगोली और केश सज्जा में दिखी प्रतिभा.
रंगोली प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की गई। प्रथम वर्ग में 12 से 17 वर्ष तथा दूसरे वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 70 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगों के माध्यम से आकर्षक आकृतियां और सामाजिक संदेश प्रस्तुत किए गए। निर्णायक के रूप में उषा किरण बाजपेयी, उपासना मेहता और डॉ. शिखा सिंह उपस्थित रहीं। वहीं केश सज्जा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक और आधुनिक हेयर स्टाइल के जरिए अपनी रचनात्मकता दिखाई। इसके निर्णायक कविता कश्यप और लाली चंद्र रहीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी देश की विविधता.
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत लोकगायक रामायण बैगा नेताम की रंग झरना प्रस्तुति से हुई। इसके बाद प्रांतीय सामाजिक समागम में विभिन्न समाजों के पारंपरिक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। बंगाली समाज की ओर से रूना दास ग्रुप ने प्रस्तुति दी, वहीं पंजाबी समाज ने गिद्दा नृत्य और सिंधी एवं मौर्य समाज ने अपने पारंपरिक सामाजिक नृत्यों का प्रदर्शन किया।
प्रेमसाय भगत ग्रुप चिन्हारी मॉडल द्वारा छत्तीसगढ़ी वेशभूषा पर आधारित रैंप वॉक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बिलासपुर की पंडवानी गायिका भव्या सिंह की प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। पूरे कार्यक्रम का संचालन रिंकू मित्रा, तुषार पानसे और युगल शर्मा ने किया।
मेले में लगातार बढ़ रही लोगों की भागीदारी से आयोजकों में उत्साह है।