बार के बाहर खूनी बवाल! दो भाइयों पर बीयर की बोतलों से हमला, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

भिलाई। दुर्ग जिले में सड़क पर मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बाद अब पुलिस ने भी इस पर कार्रवाई की है। भिलाई में रविवार देर रात सुपेला स्थित पंजाब बार के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दो भाई बुरी तरह घायल हो गए हैं। देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


पंजाब बार में शराब पीने आए थे दोनों भाई, इसी दौरान हुआ विवाद

दरअसल, पंजाब बार में शराब पीने आए लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद मारपीट में बदल गया और तीन अज्ञात युवकों ने बार में ही शराब पीने आए दो भाई ज्ञानेश साहू और आशीष साहू पर हमला कर दिया। तीसरे व्यक्ति पप्पू साहू से भी मारपीट की गई। आशीष कुछ देर के लिए बार से बाहर निकला था, इसी दौरान कुछ लड़कों से उसका विवाद हो गया और चार अज्ञात युवक उसे बार के अंदर मारने दौड़े।



जानकारी के अनुसार पूरी घटना रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में दोनों भाइयों की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने बीयर की बोतल से भाइयों के सिर पर वार किया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। युवक के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने उसके चेहरे पर कई बार लातें मारीं। इतना ही नहीं उसके पैरों पर बाइक चढ़ाने की भी कोशिश की गई। इस दौरान एक युवक जान बचाने के लिए बार के अंदर भागता हुआ नजर आया।

इस हमले में ज्ञानेश साहू के सिर, हाथ, सीने, पीठ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं आशीष साहू के गले और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। वैशाली नगर पुलिस मामले में वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस मामले में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बार में मारपीट की घटना हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।





You May Also Like

error: Content is protected !!