दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, हादसे में दो भाइयों की मौत

पखांजूर. कांकेर जिले के पखांजूर में रफ्तार ने कहर बरपाया है. पीवी–9 मार्ग पर मंगलवार सुबह दो मोटरसाइकिल के बीच तेज रफ्तार में आमने–सामने की भीषण टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां दो सगे भाइयों ने दम तोड़ दिया. 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर एक युवक सवार था, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई जा रहे थे. तेज रफ्तार के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आमने–सामने से टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल पखांजूर अस्पताल पहुंचाया. हालत नाजुक होने पर उन्हें बाहर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो सगे भाइयों ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है.



घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 





You May Also Like

error: Content is protected !!