बिलासपुर. बिलासपुर के बुधवारी बाजार क्षेत्र में गुरवार देर रात बड़ी घटना हो गई. जयहिंद साइकिल स्टोर के गोदान में अचानक भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया. फिलहाल आग लगने की वजह अज्ञात है.
जानकारी के मुताबिक, आग भड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया. आसमान में धुएं का गुब्बार छा गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.
मौके पर दमकल टीम ने आग पर बुझाना शुरू किया. हालांकि आग बुझने तक दुकानें खाक हो चुकी थी. कुछ घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया गया है. शुरूआती तौर पर लाखों का सामान जलकर बरबाद होने की बात कही जा रही है. नुकसान का आंकलन के लिए जांच की जा रही है. तोरवा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

महिला की एडिटेड फोटो किया वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर. महिला की एडिटेड फोटो को सोशल मीडिया पर वारयल कर बदनाम करने वाले आरोपी को सक्ती जिले से पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने महिला को बदनाम और उसकी छवि धूमिल करने के इरादे से घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है.
जानकारी के मुताबिक, सक्ती जिले के अड़भार निवासी चुकेंद्र साहू ने सोशल मीडिया पर महिला को बदनाम करने के इरादे से एडिट कर आपत्तिजनक फोटो तैयार की. इसके बाद उसने फोटो को वायरल कर दिया. मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ धारा 77 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
जांजगीर-चांपा. पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन वर्षों से अधिक समय तक यातायात शाखा में जमे 23 कर्मचारियों को अन्यत्र थाना चौकी में भेजा गया है. 19 हेड कांस्टेबल और 61 कांस्टेबल का ट्रांसफर किया गया है. पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय द्वारा व्यापक स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. जारी आदेश के अनुसार कुल 80 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण किया गया है. स्थानांतरण आदेश के तहत ऐसे पुलिस कर्मचारियों को प्राथमिकता से स्थानांतरित किया गया है, जो तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ थे. इस कदम का उद्देश्य कार्य में पारदर्शिता, दक्षता एवं प्रशासनिक संतुलन बनाए रखना है. पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात शाखा में पदस्थ कर्मचारियों को विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है. इससे थाना स्तर पर पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ेगी तथा कानून- व्यवस्था संबंधी कार्यों में और अधिक मजबूती आएगी, तथा थाना चौकी में पदस्थ कर्मचारियों को यातायात शाखा में पदस्थ किया गया है.
बस की छत से गिरा बैग बाइक सवार घायल
बिलासपुर. तीन जून को सुबह 10.30 बजे डिपरापारा तिफरा निवासी एलआईसी एजेंट अशोक कुमार आदिले बाइक क्र. सीजी-10, एजेड-7901 से पुराना बस स्टैंड की ओर जा रहे थे. वे अग्रसेन चौक स्थित सीजी प्लाजा के पास पहुंचे ही थे कि, इसी दौरान पीछे से आ रही बस क्र. सीजी-07, ई-3389 का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को ओवरटेक करने लगा. ओवरटेक के दौरान बस की ऊपरी केबिन में रखा एक बड़ा बैग गिरकर अशोक के ऊपर आ गिरा. इससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया. हादसे में उनके सीने और कमर में अंदरूनी चोटें आई हैं. सिविल लाइन पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है.
उद्यानिकी महाविद्यालय और अनुसंधान केंद्र का भूमिपूजन
रायगढ़. प्रदेश के कृषि मंत्री और रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने आज जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा में 23 करोड़ 03 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, 100 सीटर बालक छात्रावास और 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया. इस अवसर पर ग्राम पटेलपाली स्थित फल-सब्जी मंडी परिसर में 4 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण भी किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने अपने उद्बोधन की शुरुआत जय मां चंद्रहासिनी के जयघोष से की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन गांव गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है. मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी सीधे ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि रायगढ़ में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. यह संस्थान आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा. यहां से प्राप्त ज्ञान और तकनीक किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे.
प्रभारी मंत्री नेताम ने किसानों से जैविक खेती को अपनाने तथा गोबर खाद एवं जैविक उर्वरकों के अधिकाधिक उपयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है.
इसलिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है तथा खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि कोसमनारा में स्थापित होने वाला उद्यानिकी महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा तथा कृषि आधारित रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देगा.



