नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार दो आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण… सर्विस रोड पर निकले लोहे के एंगल बने मुसीबत… अग्रवाल समाज महिला एवं युवा मित्र मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा…

दुर्ग। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल बी एन पांडेय ने शुक्रवार की सुबह न्यायाधीश एफटीसी दुर्ग अनीश दुबे की कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. वहीं इस मामले में एक अन्य फरार आरोपी पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी करने वाले संजय पंडित ने भी भीम नारायण पांडेय के साथ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है. दोनों ही आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी.


दोनों आरोपी एफ आई आर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे थे. इसी तरह पुलिस ने आरोपी अमित वर्मा को भी गिरफ्तार किया है. आरोपी अपना पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपने नाम से कमरा बुक कराया था जिससे मुख्य आरोपी को अपराध कारित करने में सहयोग प्राप्त हुआ था. पुलिस ने अमित वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है.



इस मामले के सभी आरोपी 30 जनवरी को भिलाई महिला थाने में मामला दर्ज होते ही भूमिगत हो गए थे. अब तक इस केस में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपियों ने स्वयं कोर्ट में सरेंडर किया है. एक फरार आरोपी राजू कश्यप को पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही गोरखपुर यूपी से गिरफ्तार किया था.

उल्लेखनीय है कि आरोपियों ने नाबालिग को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर उसका लंबे समय तक शोषण किया था. शिकायत के कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने तीन आरोपियों गोविंद सिंह ठाकुर, अनिल चौधरी एवं विजय स्वाइन को गिरफ्तार कर लिया था.


बीमारी से परेशान जवान ने फांसी लगा कर दी जान

दुर्ग। सीआईएसएफ के जवान ने सीआईएसएफ ग्राउंड के भीतर वाहन पार्किंग के पास फांसी लगाकर जान दे दी है. जानकारी के मुताबिक आरक्षक मुकेश सिंह 27 वर्ष पिता ओम प्रकाश सिंह पिछले कुछ वर्षों से उतई स्थित सीआईएसएफ में पोस्टेड था. वह मूल रूप से गोरखपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला था. बताया जाता है कि वह किडनी की बीमारी से परेशान था, और उसका इलाज भी चल रहा था. संभावना व्यक्त की जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में जानकारी लेने के लिए उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. जानकारी के मुताबिक मरने के पूर्व मृतक मुकेश सिंह ने किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है.


कोसा नाला सर्विस रोड पर निकले लोहे के एंगल से गाड़ियों के टायर हो रहे पंचर

भिलाईनगर। कोसा नगर स्थित नाला के ऊपर सर्विस रोड का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग ने किया है. दो सड़क के बीच ज्वाइंट में लगाए गए लोहे का एंगल निकल आया है जो आवागमन करने वाले लोगों के गाड़ियों के टायर के लिए खतरा बना हुआ है. ऐसे में लोहे ” के एंगल से गाड़ियां पंचर हो रही है. इस सड़क से गुजरने वाले लोगों ने इस पर आपत्ति की है, परंतु शिकायत नहीं होने के चलते ना पीडब्ल्यूडी विभाग ध्यान दे रहा है और ना ही निगम प्रशासन .


नेहरू नगरवासी श्रीनिवास राव प्रतिदिन इस सर्विस रोड से बीएसपी प्लांट के लिए गुजरते हैं. उन्होंने कहा कि राज ड्यूटा जाना होता है. इस वक्त जल्दी होती है. उन्हें एक डर बना रहता है. कहीं गाड़ी पंचर हो गई, तो उन्हें ड्यूटी जाने में काफी दिक्कत होगी. इसके लिए उन्होंने शिकायत जरूर की है, परंतु अभी तक इसका निराकरण नहीं हो पाया है.

इसी तरह कई नगर निगम के कर्मचारी जो नेहरू नगर, मॉडल टाउन व कोहक से आते हैं वे भी बताते हैं कि ड्यूटी आने की जल्दी होती है, परंतु सर्विस रोड पर बड़े- बड़े लोहे के एंगल जो गाड़ी के टायर पंचर कर रहे हैं. एक तो ऑफिस जाने की जल्दी होती है और दूसरी ओर इस सड़क पर निकले नुकीले लोहे के एंगल मुसीबत बनी है. इस सड़क को बने कुछ ही महीना हुआ है तथा उद्घाटन भी अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन शिकायत अभी से शुरू हो गई है.


महाशिवरात्रि पर मांस दुकानें रहेंगी पूर्णतः बंद

दुर्ग। नगर निगम / छत्तीसगढ़ शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर के आदेश के परिपालन में आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम, दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत संचालित समस्त पशु वध गृह एवं मांस बिक्री की दुकानें 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर पूर्णतः बंद रखी जाएंगी. इस संबंध में निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा विधिवत आदेश जारी कर संबंधित संचालकों को सूचित कर दिया गया है.


अलग-अलग जगह लगी आग, अग्निशमन टीम ने पाया काबू

दुर्ग। शहर में दो अलग-अलग जगह आगजनी की घटना हुई है. दोनों ही मामले में अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया. सुराना कॉलेज के सामने स्थित निगम कचरा डंमयार्ड में 13 फरवरी की आधी रात में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग फैलने लगी. जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम में धनु यादव एवं भगवती बंजारे ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसी तरह दूसरी घटना शाम लगभग 5:00 बजे इंडस्ट्रियल एरिया शिवम हाईटेक कंपनी के पास हुई. थाना जामुल क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया में शिवम हाईटेक के पास खड़ी ट्रक में अचानक आग लग गई. दो गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया. यह कार्य जिला सैनिक एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पूरा किया गया.


आधार पंजीकरण शिविर आज से शुरू

भिलाईनगर। दुर्ग डाक संभाग द्वारा संभागीय स्तर पर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक विभिन्न स्थानों पर आधार पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा. केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में 14 फरवरी को, गुरुकुल हायर सेकेंडरी स्कूल जिला बालोद में 14 फरवरी को, शास. ज.प्रा. शाला (चिखलाकसा), विखं डौंडी, जिला बालोद में 14 फरवरी को, मंदिर परिसर क्लब, चौहान ग्रीन वैली भिलाई में 14 एवं 15 फरवरी को शिविर आयोजित है. इस शिविर नए आधार कार्ड का पंजीकरण, आधार कार्ड में सुधार/संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधाएं होगी.


कार की टक्कर से स्कूटी चालक महिला घायल

दुर्ग। कार चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी चालक महिला को टक्कर मार दी. इससे महिला को चोटे आई. प्रार्थिया की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए,281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है.पुलिस ने बताया की प्रार्थिया चैताली मैथ्यू गवर्नमेंट हाई स्कूल पेंदाकोडो जिला मानपुर मोहला अंबागढ़ चौकी में लेक्चरर के पद पर पदस्थ है. 29 दिसंबर को वह अपने स्कूटी सीजी 07 सीटी 1058 से एससीईआरटी रायपुर जाने के लिए घर से निकली थी.


अग्रवाल समाज के महिला एवं युवा मित्र मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित

दुर्ग। अग्रवाल समाज दुर्ग में वर्ष 2026-28 के लिए महिला मंडल की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया. समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति में नवगठित टीम की घोषणा की गई. सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई. महिला मंडल (2026-28 ) महिला मंडल की कार्यकारिणी में संरक्षक के रूप में आरती विष्णु अग्रवाल तथा मुख्य सलाहकार के रूप में सरिता दयानंद गोयल को दायित्व सौंपा गया है. अध्यक्ष पद पर नीलू विजय अग्रवाल, महासचिव के रूप में श्वेता सुमित अग्रवाल, सचिव के रूप में प्रीति मनोज राजगढ़िया, कोषाध्यक्ष के रूप में तृप्ति एल. एन. अग्रवाल तथा सह-कोषाध्यक्ष के रूप में कविता पंकज रूंगटा को नियुक्त किया गया है. उपाध्यक्ष पद पर अंजू प्रकाश खेतान, श्रीमती वंदना राजेश गुप्ता, सारिका मनोज अग्रवाल, अनीता गौरीशंकर अग्रवाल, मंजू कमलेश रूंगटा, सरोज प्रकाश अग्रवाल एवं संजना बंशीधर पोद्दार को दायित्व दिया गया है.


मीडिया प्रभारी के रूप में सीमा संदीप खेतान, सुमन नरेश मोदी, श्रीमती शारदा मुरारी अग्रवाल एवं श्रीमती सीमा ललित सेवसरिया को नियुक्त किया गया है. मंच व्यवस्था प्रभारी के रूप में रितु विनीत रूंगटा, श्रद्धा अतुल अग्रवाल, रजनी विमलेश रूंगटा एवं पायल अनिल बसल को दायित्व सौंपा गया है. स्वागत प्रभारी के रूप में गायत्री पंकज कीर्तुका, संगीता सतीश गोयल, दीप्ति विनीत बसल एवं स्मिता विकास मित्तल को नियुक्त किया गया है. सांस्कृतिक प्रभारी के रूप में नीतू शरद गर्ग, मोना पवन जिंदल एवं मीनू मनीष अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है.


रोजगार मेला 14 व 15 को

दुर्ग। कौशल विकास तकनीकी शिक्षा रोजगार विभाग के निर्देशानुसार 14 एवं 15 फरवरी को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग एवं संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीटयूट, कोहका भिलाई के संयुक्त तत्वाधान में सुबह 10 बजे से अपरान्ह 04 बजे तक रोजगार मेला आयोजित किया गया है.


कल से बोहारडीह में दो दिवसीय सस्वर मानसगान प्रतियोगिता

सेलूद। आदिवासी समाज द्वारा ग्राम बोहारडीह ( मानिकचौरी) में 15 फरवरी से दो दिवसीय सस्वर मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है. मुख्य अतिथि रामसुमेर छेदैहा जनपद सदस्य होगे. अध्यक्षता संतलाल कोड़प्पा अध्यक्ष आदिवासी समाज पाटन राज करेंगे. द्वितीय दिवस 16 फरवरी को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया है. मुख्य अतिथि विजय बघेल सांसद दुर्ग लोकसभा होंगे. अध्यक्षता जितेन्द्र वर्मा प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री करेंगे. विशेष अतिथि ज्योति प्रकाश साहू मण्डल अध्यक्ष दरबार मोखली, महेश कुमार साहू सरपंच ग्राम पंचायत मानिकचौरी (बोहारडीह) होंगे.





You May Also Like

error: Content is protected !!