'OMG' सेंट्रल जेल में महिला जेलर संग सिपाही पर आरोप,राखी के धागों पर दबंगई का पहरा..

• सेंट्रल जेल में बहनों से बदसलूकी और मारपीट के आरोप, महिला जेलर व सिपाही की कथित दबंगई से फीका पड़ा भाई-बहन के प्यार का पर्व.


बिलासपुर. भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके सुखी जीवन की कामना करने पहुंची बहनों के लिए रक्षाबंधन का दिन बिलासपुर सेंट्रल जेल में कथित तौर पर दर्द और अपमान की याद बन गया। आरोप है कि जेल में बंद भाइयों से मिलने और राखी बांधने पहुंचीं बहनों व परिजनों के साथ महिला जेलर और उसके सहयोगी सिपाही ने बदसलूकी की और मारपीट तक की। हालात ऐसे बने कि जिस जेल के दरवाजे पर बहनें भाई की कलाई पर प्रेम का धागा बांधने पहुंची थीं, वहीं उन्हें कथित तौर पर अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।


करीब 15 वर्षों में पहली बार ऐसा होने का दावा किया जा रहा है, जब रक्षाबंधन जैसे संवेदनशील पर्व पर जेल प्रशासन की व्यवस्था और व्यवहार को लेकर इतने गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि वे दूर-दराज से अपने भाइयों को राखी बांधने और कुछ पल साथ बिताने की उम्मीद लेकर जेल पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें कथित रूप से धौंस, बदसलूकी और मारपीट का सामना करना पड़ा।


जहां बहनों की आंखों में खुशी के आंसू होने थे, वहां छलका दर्द


रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती का प्रतीक माना जाता है। जेल में बंद कैदियों के लिए यह दिन इसलिए भी खास होता है, क्योंकि साल में मिलने वाले सीमित अवसरों में उन्हें अपनी बहनों और परिवार से भावनात्मक रूप से जुड़ने का मौका मिलता है। लेकिन आरोप है कि इस बार जेल परिसर में व्यवस्था संभालने के नाम पर महिला जेलर और उसके सहयोगी सिपाही का रवैया इतना कथित तौर पर सख्त और अमानवीय रहा कि बहनों के उत्साह पर पानी फिर गया।


‘जेल है, लेकिन इंसानियत भी तो होनी चाहिए’


परिजनों का सवाल है कि जेल में सुरक्षा और अनुशासन अपनी जगह है, लेकिन क्या इसके नाम पर महिलाओं और परिजनों के साथ बदसलूकी अथवा मारपीट जायज है? यदि आरोप सही हैं तो यह केवल जेल व्यवस्था पर सवाल नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को लेकर भी गंभीर चिंता का विषय है।


जेल प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल


पूरे घटनाक्रम ने सेंट्रल जेल की कार्यप्रणाली और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर रक्षाबंधन जैसे दिन जेल परिसर में ऐसी स्थिति कैसे निर्मित हुई? क्या महिला जेलर और उसके सहयोगी सिपाही के व्यवहार की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची? यदि पहुंची तो क्या कार्रवाई हुई? और यदि नहीं पहुंची तो क्या जेल प्रशासन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जानकारी लेने की कोशिश की?


रक्षाबंधन पर सामने आए इन आरोपों ने बिलासपुर सेंट्रल जेल की व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि जेल विभाग इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करता है या फिर बहनों की आंखों से निकले आंसू जेल की ऊंची दीवारों के भीतर ही दबकर रह जाते हैं।


You May Also Like

error: Content is protected !!