शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद किशोर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। खरसिया पुलिस ने ग्राम गुरदा में मिले 16 वर्षीय किशोर के शव मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक 25 मई 2026 को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डनसेना उसे अपनी बाइक में बैठाकर काम कराने ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद अगले दिन शव बरामद हुआ।


पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्या होना सामने आने पर थाना खरसिया में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान ऋषि डनसेना से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने मृतक को अपने साथियों चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया और एक नाबालिग बालक के पास छोड़ दिया था। बाद में फोन करने पर उसे झगड़े और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थी।


पुलिस ने तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने कबूल किया कि सभी लोग खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा, जिससे गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे ले जाकर रख दिया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। बाद में मृतक के बारे में पूछे जाने पर आरोपियों ने झूठ बोलते हुए कहा कि वह अपने घर चला गया है। खरसिया पुलिस ने आरोपियों को घटना स्थल ले जाकर घटना का रिकंस्ट्रक्शन कराया और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। मामले में हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने की धाराएं भी बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  • चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22 वर्ष), निवासी ग्राम बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़
  • रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया (30 वर्ष), निवासी बेहरामुड़ा थाना छाल जिला रायगढ़
  • एक विधि से संघर्षरत बालक

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने क्या कहा?

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध कर साक्ष्य छिपाने की कोशिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।





You May Also Like

error: Content is protected !!