रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दुकान संचालक की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी दूसरी साथी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

दो बार दुकान पहुंचीं, करोड़ों के गहने ले गईं
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम की दुकान है। शिकायत के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी योगिता के साथ दुकान पहुंची थी। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और इसी पहचान के जरिए कारोबारी का विश्वास हासिल किया।
इसके बाद दोनों महिलाओं ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इनके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए। बाकी 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।
दो दिन बाद, 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं। इस बार वे करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर गईं। भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपये का एक और चेक दिया गया। महिलाओं ने कारोबारी को भरोसा दिलाया कि दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट दे दिए जाएंगे।
गलत हस्ताक्षर से बाउंस हुआ 15 लाख का चेक
शिकायतकर्ता ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर होने के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क कर भुगतान के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो बकाया रकम का भुगतान किया गया और न ही ले जाए गए आभूषणों का हिसाब दिया गया। शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने मिलकर कुल 1,88,37,630 रुपये मूल्य के आभूषण प्राप्त किए थे। भुगतान नहीं होने पर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। इसके आधार पर कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
क्राइम-साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शिकायतकर्ता से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों और संदिग्ध महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने किरण साहू की पतासाजी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दूसरी आरोपी फरार, आभूषणों की तलाश जारी
गिरफ्तार महिला की पहचान किरण साहू, पति गोपाल साहू (28), निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई है। मामले में शामिल दूसरी महिला योगिता अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही, धोखाधड़ी से लिए गए आभूषणों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
